कानपुर। पनकी नहर में छात्र का शव मिलने के मामले में मृतक छात्र के परिजनों ने मंगलवार को पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों ने साथ ही घटना के बाद 58 लोगों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे को वापस लेने की भी मांग उठाई।
पुलिस कमिश्नर से मुलाकात के दौरान परिजनों के साथ पहुंचे हिंदू एवं ब्राह्मण नेता पंकज धवरैय्या ने कानपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के बजाय उनके समर्थकों और एक कार्यकर्ता पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पंकज धवरैय्या ने कहा कि पुलिस प्रशासन मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है और निष्पक्ष कार्रवाई के बजाय पीड़ित पक्ष को ही परेशान किया जा रहा है। उन्होंने ब्राह्मण समाज के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
वहीं मृतक छात्र की मां नीलू शुक्ला ने पुलिस कमिश्नर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में जांच जारी होने की बात कही जा रही है।













