कानपुर नगर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह अपनी कार्यवाहियों को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं । इसी कड़ी में बुधवार को उन्होंने बिठूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान दो चिकित्सक डॉ. श्रद्धा वर्मा, डॉ. राजेश कुमार और स्वास्थ्यकर्मी शिवम पाल अनुपस्थित पाए गए। डीएम ने तीनों का एक दिन का वेतन काटने और स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने ओपीडी, दवा स्टॉक, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और अभिलेखों की जांच की। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने वेतन में देरी की शिकायत की, जिस पर डीएम ने सीएमओ को तत्काल वेतन भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत करते हुए डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सेवानिवृत्त होने के बाद भी बिठूर सीएचसी में सेवाएं दे रहीं डॉ. हनी मल्होत्रा की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनका सेवा भाव और कर्तव्यनिष्ठा अन्य चिकित्सकों के लिए प्रेरणा है।
इसके बाद डीएम ने बूढ़नपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया, जहां केंद्र बंद मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सीएमओ से जवाब तलब किया और केंद्र का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।








