कानपुर। अक्सर बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान में देरी की शिकायतें सामने आती हैं, लेकिन कल्याणपुर थाना क्षेत्र के दयानंद विहार उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले अकबरपुर गांव में एक शिकायत का त्वरित निस्तारण लोगों के लिए सुखद अनुभव बन गया।

मंगलवार सुबह से अकबरपुर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित थी। कई स्थानों पर एक फेस नहीं आ रहा था, जबकि एक उपभोक्ता के घर सुबह से पूरी तरह बिजली गुल थी। स्थानीय स्तर पर समाधान न होने पर उपभोक्ता ने किसी माध्यम से केस्को की प्रबंध निदेशक (एमडी) नेहा जैन तक अपनी शिकायत पहुंचाई।

शिकायत मिलते ही एमडी ने उपभोक्ता को शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके कुछ ही मिनटों बाद बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के फोन आने शुरू हो गए और टीम मौके पर पहुंचकर फॉल्ट को ठीक करने में जुट गई। करीब 30 मिनट के भीतर न केवल संबंधित उपभोक्ता के घर की बिजली बहाल हो गई, बल्कि अकबरपुर क्षेत्र की फेस संबंधी समस्या का भी समाधान कर दिया गया।
त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल रहा। जिन उपभोक्ताओं में सुबह तक बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी थी, उन्होंने समस्या के तेजी से समाधान पर केस्को एमडी नेहा जैन और बिजली विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शिकायतों का इसी तरह समयबद्ध निस्तारण होता रहे, तो उपभोक्ताओं का बिजली विभाग पर भरोसा और मजबूत होगा।








