कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में छुट्टी पर घर लौट रहे भारतीय सेना के जवान की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी, दो बच्चे और चचेरा भाई घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार (17 जुलाई 2026) सुबह करीब 6 बजे पीआरवी को सूचना मिली कि ओरिएंट रिसोर्ट के सामने हाईवे पर कार संख्या UP78GM3225 का किसी अज्ञात वाहन से एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही सचेंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
हादसे में अजय यादव (36) पुत्र शिवराम सिंह निवासी ग्राम जुड़ानीवादा, ककवन, कानपुर नगर (हाल पता- बारासिरोही, कल्याणपुर) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को एंबुलेंस से हैलेट अस्पताल भेज दिया।
बताया गया कि अजय यादव अपनी पत्नी पूजा (32), बेटे राघव (6) और बेटी सोना (8) के साथ महाकाल के दर्शन कर लौट रहे थे। उरई रेलवे स्टेशन पर उनके चचेरे भाई संदीप पुत्र मोहन सिंह उन्हें कार से कानपुर लेकर आ रहे थे। इसी दौरान सचेंडी क्षेत्र में ओरिएंट रिसोर्ट के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
हादसे में चालक संदीप को जांघ में चोट, पूजा को सीने और कमर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि छह वर्षीय राघव की दोनों फीमर (जांघ की हड्डियां) टूट गई हैं। बेटी सोना भी घायल हुई है। सभी घायलों को उपचार के लिए शांति हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर, सचेंडी में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक अजय यादव भारतीय सेना में कार्यरत थे और छुट्टी पर अपने परिवार के साथ महाकाल के दर्शन कर वापस कानपुर लौट रहे थे। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।








