कानपुर। शहर में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार सुबह से कानपुर में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। कई इलाकों में अभी भी घने बादल छाए हुए हैं, जिससे लोगों को उमस से राहत तो मिली है, लेकिन जलभराव और आवागमन की समस्या बढ़ गई है।
सोमवार को हुई लगातार बारिश के कारण शहर का तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं नगर के 50 से अधिक इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को घरों से निकलने और दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात भी प्रभावित रहा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय के अनुसार कानपुर में फिलहाल मानसून पूरी तरह सक्रिय है। अगले 24 घंटे तक धूप निकलने की संभावना बेहद कम है। साथ ही अगले दो से तीन दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने तथा बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। प्रशासन भी संवेदनशील इलाकों पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।








