कानपुर। नवाबगंज थाना क्षेत्र के बनियापुरवा में वर्चस्व की लड़ाई ने एक युवक की जान ले ली। शराब पीने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और ईंटों से हमला कर 34 वर्षीय विशाल निषाद की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में एक नामजद आरोपी गोविंद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, गंगा बैराज कटरी क्षेत्र के भोपालपुरवा निवासी विशाल निषाद सोमवार शाम अपने छोटे भाई पुनीत और दोस्त राहुल के साथ गैस सिलेंडर लेकर घर लौट रहे थे। रास्ते में जागेश्वर पुलिस बूथ के पास विशाल फास्ट फूड खाने के लिए रुक गया। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद दूसरे पक्ष के लोगों के साथ शराब के नशे में कहासुनी हो गई।

दोनों पक्षों के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद बढ़ता चला गया। आरोप है कि विशाल उर्फ विशाल्ली, आकाश, शनि, रवि, गोविंद, आशीष, साहिल समेत अन्य लोगों ने विशाल निषाद पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और ईंटों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से विशाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसका भाई पुनीत और दोस्त राहुल भी घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता सुरेश की तहरीर पर कई नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी गोविंद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने मंधना-गंगा बैराज मार्ग पर जाम लगा दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने जल्द सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुलवाने की कवायद शुरू की गई।
एहतियात के तौर पर मृतक के गांव भोपालपुरवा और आरोपियों के गांव बनियापुरवा में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।








