कानपुर देहात: जनपद में दिवंगत उचित दर विक्रेता के परिवार को राहत देते हुए जिलाधिकारी कपिल सिंह ने मृतक आश्रित के रूप में उनकी पत्नी श्रीमती कलपेन्द्र सिंह को उचित दर दुकान आवंटन का स्वीकृति पत्र सौंपा।

नगर पंचायत राजपुर, तहसील सिकंदरा के उचित दर विक्रेता श्री रामदास सिंह का 12 फरवरी 2026 को आकस्मिक निधन हो गया था। इसके बाद उनकी उचित दर दुकान का अनुबंध समाप्त कर दिया गया था। मृतक की पत्नी श्रीमती कलपेन्द्र सिंह ने मृतक आश्रित के रूप में दुकान अपने नाम आवंटित करने के लिए आवेदन किया था।
31 जुलाई 2026 को आयोजित जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक में आवेदन पर विचार करते हुए सर्वसम्मति से श्रीमती कलपेन्द्र सिंह के नाम उचित दर दुकान आवंटित करने का निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी की अनुमति के बाद बुधवार को उन्हें औपचारिक रूप से स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
अब श्रीमती कलपेन्द्र सिंह नियमानुसार राशन कार्डधारकों को आवंटित खाद्यान्न का उठान और वितरण कर सकेंगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उचित दर दुकान का संचालन शासन के नियमों और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए।










