कानपुर देहात। बेसिक शिक्षा विभाग ने लंबे समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित चल रही सहायक अध्यापिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। मैथा विकासखंड के संविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय, कारी कलवारी में तैनात सहायक अध्यापिका रेशू गंगवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय के आदेश पर सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
विभागीय आदेश के मुताबिक शिक्षिका 21 जुलाई 2020 से बिना किसी पूर्व सूचना, प्रार्थना पत्र अथवा विभागीय अनुमति के लगातार विद्यालय से अनुपस्थित चल रही थीं। लंबे समय तक ड्यूटी से गैरहाजिर रहने के मामले में विभाग ने उन्हें नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अंतिम अवसर दिया था।
बताया गया कि शिक्षिका 14 अगस्त 2026 को कार्यालय में उपस्थित हुईं और अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया, लेकिन विभाग ने उनके जवाब को तथ्यहीन और असंतोषजनक माना। करीब छह साल की लंबी अनुपस्थिति के संबंध में शिक्षिका कोई वैध कारण प्रस्तुत नहीं कर सकीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के सचिव के निर्देशों के तहत विभाग ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की। आदेश में संबंधित सेवा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर शिक्षिका को ऐसे दंड के तहत सेवा से पदच्युत किया गया है, जिसका प्रभाव भविष्य के सरकारी नियोजन पर भी पड़ता है।
यानी सेवा से बर्खास्तगी के साथ भविष्य में सरकारी नौकरी के लिए भी उनकी पात्रता समाप्त हो गई है। बेसिक शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई को लंबे समय तक बिना सूचना ड्यूटी से गायब रहने वाले कर्मचारियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।







