कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के नवशील धाम चौकी के पास शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे गिट्टी लदा एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मधुबन मस्ती रेस्टोरेंट में जा घुसा। रेस्टोरेंट को टक्कर मारने के बाद डंपर आगे बढ़ते हुए आटा चक्की तक जा पहुंचा।
हादसे के दौरान डंपर एक नीम के पेड़ में जा घुसा और वहीं फंस गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस स्थान पर डंपर पहुंचा, वहां एक व्यक्ति लेटा हुआ था। नीम का पेड़ बीच में न होता तो डंपर की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो सकता था।
पेड़ ने डंपर को रोक दिया, जिससे व्यक्ति की जान बच गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि डंपर भदौरिया परिवहन का है। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस डंपर चालक की तलाश कर रही है।








