कानपुर। लगातार बारिश के बीच शहर की जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कों पर हो रहे हादसों और जनता की बढ़ती परेशानियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया है कि कानपुर की सभी सड़कों को जल्द से जल्द गड्ढा मुक्त करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड एवं निर्माण खंड-द्वितीय), नगर निगम सहित सभी निर्माणदायी संस्थाओं को तत्काल प्रभाव से सड़कों की मरम्मत और गड्ढों को भरने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान आमजन को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
डीएम ने साफ चेतावनी दी कि यदि किसी भी विभाग की ओर से सड़कों के रखरखाव में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध शासन के निर्देशानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही शहर में चल रही बड़ी निर्माण परियोजनाओं और सड़क निर्माण स्थलों पर राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वार्निंग साइन, बैरियर और सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि बारिश के दौरान दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। प्रशासन का कहना है कि सड़क मरम्मत कार्यों की लगातार निगरानी की जाएगी और आमजन को बेहतर एवं सुरक्षित सड़कें उपलब्ध कराने के लिए अभियान युद्धस्तर पर चलाया जाएगा।








