आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी में एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। इसके बाद उसने बाथरूम पर नया फर्श बनवा दिया और करीब 45 दिनों तक उसी बाथरूम का इस्तेमाल करती रही। इस दौरान वह पुलिस और परिजनों को लगातार गुमराह करती रही। आखिरकार जेठ के शक और भरोसा दिलाने पर महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

मृतक की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है। वह आगरा में पत्नी रूबी, दो बेटियों और अपनी मां के साथ रहते थे। पुलिस के अनुसार 18 मई को रूबी ने अपने जेठ अनिल शर्मा को फोन कर कहा कि घर में पुलिस का मामला हो गया है और वह बच्चों व मां को अपने साथ ले जाएं। उसने उन्हें घर आने से भी मना कर दिया। इसके बाद वह खुद भी राजस्थान चली गई और कुछ दिन वहीं रही।
करीब एक सप्ताह तक सुरेंद्र का कोई पता नहीं चला तो 26 मई को उनके बड़े भाई ने गुमशुदगी दर्ज कराई। इस दौरान रूबी पुलिस के साथ पति की तलाश का नाटक करती रही। वह CCTV फुटेज देखती, रोती और परिवार के सामने खुद को बेगुनाह साबित करने की कोशिश करती रही।
रूबी के व्यवहार पर जेठ को शक हुआ। उन्होंने उसे भरोसा दिलाया कि अगर कोई परेशानी है तो वह उसका साथ देंगे। इसके बाद रूबी ने हत्या की पूरी कहानी बता दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बाथरूम का फर्श तुड़वाया। गड्ढा खोदने पर शव पूरी तरह गल चुका था और वहां से केवल कंकाल बरामद हुआ। पुलिस ने फोरेंसिक जांच के लिए विशेषज्ञ टीम गठित की है।
पूछताछ में रूबी ने बताया कि उसका पति शराब पीकर अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इससे परेशान होकर उसने 17 मई की रात खीर में 18 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर पति को खिला दीं। अगली सुबह उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने फावड़े से बाथरूम में गड्ढा खोदा, शव को दफना दिया और आठ दिन बाद मजदूर बुलाकर ऊपर नया फर्श बनवा दिया।
पुलिस का कहना है कि महिला ने पूरे घटनाक्रम के दौरान परिवार और पुलिस को अलग-अलग कहानियां सुनाकर जांच को भटकाने की कोशिश की। फिलहाल आरोपी महिला को हिरासत में लेकर हत्या, साक्ष्य मिटाने सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।








