भदोही। भदोही पुलिस की साइबर टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के साइबर फ्रॉड का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी ट्रेडिंग और इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म संचालित कर लोगों को निवेश के नाम पर ठगी का शिकार बना रहे थे।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह पर देशभर में 100 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं। जांच के दौरान करीब 50 करोड़ रुपये से अधिक के साइबर फ्रॉड से जुड़े लेन-देन की जानकारी सामने आई है। कार्रवाई के तहत गिरोह से जुड़े बैंक खातों में मौजूद 30 लाख रुपये से अधिक की रकम फ्रीज की गई है।
जांच एजेंसियों को मामले में एक और बड़ा कनेक्शन मिला है। जानकारी के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच में सामने आए 31 करोड़ रुपये के NHAI बैंक फ्रॉड से भी इस नेटवर्क के संबंधों की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की वित्तीय गतिविधियों और अन्य राज्यों से जुड़े कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है।








