कानपुर। कल्याणपुर-बिठूर मुख्य मार्ग पर उन्नयन बस्ती के सामने गिरा पेड़ अब लगातार हो रही बारिश के बीच और अधिक खतरा बन गया है। पेड़ का एक बड़ा हिस्सा बिजली के पोल और तारों के सहारे टिका हुआ है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों में हादसे की आशंका बनी हुई है।
लगातार बारिश होने के कारण पेड़ के कमजोर होकर कभी भी पूरी तरह सड़क पर गिरने की आशंका जताई जा रही है। अगर पेड़ अचानक गिरता है तो सड़क से गुजर रहे वाहन और राहगीर इसकी चपेट में आ सकते हैं। साथ ही बिजली के तारों और पोल पर दबाव पड़ने से विद्युत आपूर्ति बाधित होने की भी संभावना है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है। पेड़ के गिरने से बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हुआ तो आसपास के इलाके की बिजली भी गुल हो सकती है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।
मौके पर पेड़ शुगर इंस्टीट्यूट की बाउंड्री के पास भी फंसा हुआ है और उसका काफी हिस्सा सड़क की ओर झुका है। मुख्य मार्ग होने के कारण यहां से दिनभर बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और बिजली विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने, पेड़ को हटाने और बिजली के पोल व तारों को सुरक्षित करने की मांग की है, ताकि बारिश के बीच किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।







