---Advertisement---

 

कानपुर देहात में टायर फैक्ट्री के फ्यूल टैंक में लगी आग, दो श्रमिकों की मौत

Admin Image
On: September 21, 2026 4:22 PM
Follow Us:

कानपुर देहात, 21 सितंबर। गजनेर थाना क्षेत्र के जरिया गांव के बाहर संचालित टायर से तेल निकालने वाली फैक्ट्री में सोमवार शाम फ्यूल टैंक में अचानक आग लगने से दो श्रमिकों की मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।


जानकारी के अनुसार, जरिया गांव के बाहर करीब एक किलोमीटर की दूरी पर ओम जेवी आरडी टायर फैक्ट्री संचालित है। फैक्ट्री में पुराने टायरों को गलाकर उनसे पायरोलिसिस ऑयल तैयार किया जाता है। इसके लिए परिसर में बड़े-बड़े टैंक बनाए गए हैं।


सोमवार शाम करीब छह बजे कुछ श्रमिक फ्यूल टैंक के पास तेल लोडिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान टैंक में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं और आसपास काले धुएं का गुबार छा गया। आग की चपेट में आने से टैंक के पास काम कर रहे दो श्रमिकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


आग की सूचना मिलते ही फैक्ट्री में काम कर रहे अन्य श्रमिक सुरक्षित स्थान की ओर भागे। माती और भोगनीपुर से दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। फैक्ट्री परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर पानी की बौछार कर टैंक को ठंडा किया गया।


घटना की जानकारी मिलने पर कानपुर देहात की पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, एएसपी आलोक प्रसाद तथा सीओ संजय सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने फैक्ट्री कर्मचारियों से हादसे के संबंध में जानकारी ली।


पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद फैक्ट्री मालिक को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस ने मृतकों की पहचान और घटना के अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

Admin Photos

Admin

न्यूज़ चौपाल UP की संपादकीय टीम को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 15+ वर्षों का अनुभव है। टीम राजनीति, अपराध, शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं से जुड़ी खबरों को तथ्यात्मक और निष्पक्ष तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Join WhatsApp

Join Now

Youtube-color Created with Sketch. Join Youtube

Join Now

Leave a Comment