कानपुर देहात। कानपुर देहात के शुभाष नगर वार्ड नंबर-7 में शनिवार तड़के एक युवक ने अपने घर के बरामदे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक की पहचान 34 वर्षीय अरुण सविता, पुत्र जगदीश सविता, निवासी शुभाष नगर वार्ड नंबर-7 के रूप में हुई है। अरुण अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और घर पर ही बाल काटने की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब चार बजे अरुण ने घर के बरामदे में साड़ी के सहारे फांसी लगा ली। उस समय उनकी पत्नी ऊषा देवी (32) दवा लेने के बाद अपने मायके चंदा निवादा गई हुई थीं। उनके साथ सबसे छोटा बेटा अनुराग (5 वर्ष) भी था, जबकि घर पर बड़े बेटे नंदलाल (9 वर्ष) और मारखन (7 वर्ष) मौजूद थे।
बताया जाता है कि सुबह बड़े बेटे नंदलाल ने अपने पिता को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद उसने शोर मचाया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर कस्बा इंचार्ज राजेश प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







