रिपोर्ट – अतुल तिवारी
कानपुर। शहर में बीते 24 घंटों के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगों की मौत से सनसनी फैल गई। चकेरी क्षेत्र में एक होटल मैनेजर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि गुजैनी में एक कोचिंग शिक्षक का शव घर में फंदे से लटका मिला। दोनों मामलों में पुलिस जांच में जुटी है।
चकेरी थाना क्षेत्र के शिवकटरा निवासी 25 वर्षीय सचिन तिवारी, जो रामादेवी स्थित एक होटल में मैनेजर थे, मंगलवार को रेलवे ट्रैक पर मृत पाए गए। परिजनों के अनुसार सचिन दो महीने पहले ही विवाह बंधन में बंधे थे। सोमवार रात वह खाना खाने के बाद होटल जाने की बात कहकर घर से निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद पुलिस ने उनकी पहचान कराई। परिजनों ने होटल मालिक और एक महिला मित्र पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
वहीं, गुजैनी के जरेली फेस-2 निवासी 38 वर्षीय धीरेंद्र कुमार शर्मा, जो कोचिंग संचालक थे, का शव बुधवार सुबह घर में फंदे से लटका मिला। परिजनों का कहना है कि बेटी को डांटने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद देर रात धीरेंद्र ने यह कदम उठा लिया। सुबह परिवार के लोगों ने उनका शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








