---Advertisement---

 

कानपुर: प्रेम विवाह के चार महीने बाद दंपती की मौत, पुराने वीडियो और पारिवारिक विवाद ने बढ़ाए सवाल

Admin Image
On: July 29, 2026 5:09 AM
Follow Us:

कानपुर । कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह करने वाले दंपती की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। किराए के कमरे में पति का शव फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी का शव जमीन पर पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस आशंका जता रही है कि पति ने पहले पत्नी की गला घोंटकर हत्या की और फिर खुद फांसी लगा ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।

मृतक दंपती की पहचान सरचंडी क्षेत्र निवासी सौरभ सविता (23) और शालिनी उर्फ रानी (20) के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई-बहन बताए जा रहे हैं और पिछले करीब तीन वर्षों से उनके बीच प्रेम संबंध था। परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था।

करीब चार महीने पहले दोनों ने परिवार की जानकारी के बिना कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ और 1 अप्रैल 2026 को सरचंडी थाने में पंचायत भी हुई। उस दौरान युवती ने पुलिस के सामने खुद को बालिग बताते हुए कहा था कि वह अपनी मर्जी से सौरभ के साथ रहना चाहती है। सौरभ ने भी पुलिस और दोनों परिवारों के सामने जीवनभर साथ निभाने और पत्नी की जिम्मेदारी उठाने का भरोसा दिया था। पंचायत के वीडियो भी अब सामने आए हैं।

पुलिस के मुताबिक पंचायत के बाद दोनों को साथ रहने की अनुमति दी गई, जिसके बाद वे दिल्ली चले गए। करीब पांच दिन पहले दोनों दिल्ली से कानपुर लौटे और बर्रा-7 इलाके में तीसरी मंजिल पर किराए का कमरा लेकर रहने लगे।

मंगलवार को कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़ने पर शालिनी का शव कमरे के फर्श पर और सौरभ का शव फंदे से लटका मिला। मौके पर डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी, एसीपी नौबस्ता, बर्रा पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना के बाद मृतका के परिजनों ने सौरभ के परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं शालिनी की मां का एक पुराना वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने बेटी के ब्रेनवॉश किए जाने का आरोप लगाया था। दूसरी ओर पुलिस के सामने दिए गए पुराने वीडियो में शालिनी ने स्पष्ट कहा था कि वह किसी दबाव में नहीं है और अपनी इच्छा से सौरभ के साथ रहना चाहती है।

डीसीपी साउथ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य, मोबाइल फोन की जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Admin Photos

Admin

न्यूज़ चौपाल UP की संपादकीय टीम को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 15+ वर्षों का अनुभव है। टीम राजनीति, अपराध, शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं से जुड़ी खबरों को तथ्यात्मक और निष्पक्ष तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Join WhatsApp

Join Now

Youtube-color Created with Sketch. Join Youtube

Join Now

Leave a Comment