कानपुर के बजरिया थाना क्षेत्र में मोहर्रम के जुलूस के दौरान देर रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना बाबा स्वीट हाउस के पास की बताई जा रही है, जहां जुलूस गुजर रहा था।
जानकारी के मुताबिक जुलूस बाबा स्वीट हाउस वाली रोड से रहमानी मार्केट की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान चांद लस्सी वाली गली की तरफ से कुछ युवकों और जुलूस में शामिल लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। इसके बाद कुछ युवकों ने एक-दूसरे पर पथराव भी किया।
हंगामे और मारपीट के चलते जुलूस में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने अपनी सुरक्षा के लिए घरों में शरण ली। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद जुलूस आगे बढ़ सका।
घटना का वीडियो शनिवार देर रात सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। बजरिया पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, फूलमती चौकी प्रभारी रोहित कुमार शर्मा की तहरीर पर फरहान, इस्माइल, फैज समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और दंगा करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मारपीट में बेकनगंज निवासी फरीदीन गनी घायल हुए हैं।
पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।








