कानपुर। नयागंज की चतुर्भुज गली में बुधवार को एक जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के गिरने से आसपास की कई दुकानें मलबे में दबने की सूचना है। स्थानीय लोगों ने मलबे में एक व्यक्ति के दबे होने की आशंका जताई है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बारिश के चलते बाजार में लोगों की आवाजाही कम थी, जिसके कारण बड़ा हादसा टल गया।
मकान गिरने की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव टीमों को लगाया गया। मलबा हटाकर संभावित रूप से दबे व्यक्ति की तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है।
फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।







