कानपुर। पनकी क्षेत्र के महावीर नगर सैनिक मूर्ति तिराहा से काशीराम कॉलोनी रोड होते हुए घनी आबादी वाले गांव कपली को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग इन दिनों जलभराव के कारण बदहाल हो गया है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग की स्थिति को देखते हुए इसे ‘छोटी गंगा’ का नाम दे दिया है।
बताया जा रहा है कि मार्ग पर करीब 4 से 5 फीट तक गहरा पानी भरा हुआ है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन इस जलभराव में फंस जाते हैं। वाहन चालकों को काफी मशक्कत के बाद टोचन कराकर अपने वाहन निकालने पड़ते हैं। सड़क के नीचे दलदल और कीचड़ होने के कारण हालात और भी खतरनाक हो गए हैं।
बच्चों के डूबने का बना खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी लगातार बढ़ता जा रहा है। गहराई अधिक होने के कारण छोटे बच्चों के लिए यह जलभराव बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। इसके अलावा पानी में सीवर का लीकेज होने की बात भी सामने आ रही है, जिससे पानी प्रदूषित हो गया है। आसपास रहने वाले लोगों में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना की बिल्डिंग तक पहुंच रहा पानी
सबसे गंभीर स्थिति बगल में बनी प्रधानमंत्री आवास योजना की बिल्डिंग नंबर-10, मॉडल हाउस को लेकर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार जलभराव का पानी बिल्डिंग के नीचे तक पहुंच रहा है। बिल्डिंग में करीब 60 से 70 फ्लैट हैं, जिनमें परिवार रह रहे हैं।
लोगों को आशंका है कि यदि लंबे समय तक इसी तरह पानी भरा रहा तो बिल्डिंग की नींव पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है और भविष्य में बड़ा नुकसान होने की स्थिति बन सकती है। हालांकि भवन की वास्तविक स्थिति का आकलन तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पार्षद को भी दी गई जानकारी
स्थानीय लोगों के मुताबिक क्षेत्रीय पार्षद को भी जलभराव की समस्या की जानकारी है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। क्षेत्रीय लोगों राहुल, सुदीप, सोनू, नीरज और अनिल समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने और सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पनकी और कपली गांव को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग है। यदि जल्द पानी नहीं निकाला गया तो आने वाले दिनों में राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास रहने वाले परिवारों के लिए समस्या और गंभीर हो सकती है।










