कानपुर। कानपुर नगर निगम में मेयर और भाजपा के छह बागी पार्षदों के बीच चल रहे विवाद के बीच शनिवार को संतलाल हाता, हरबंश मोहाल के सैकड़ों लोगों ने नगर निगम पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने की मांग को लेकर मेयर और उनके बेटे अमित पांडेय उर्फ बंटी के खिलाफ नारेबाजी की तथा नगर आयुक्त को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि संतलाल हाता में वर्षों से सीवर लाइन न होने के कारण करीब चार हजार दलित, कमजोर आय वर्ग और असहाय परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि क्षेत्रीय पार्षद पवन गुप्ता के प्रयासों से नगर निगम द्वारा सीवर लाइन डालने के लिए टेंडर जारी किया गया था, लेकिन कुछ लोगों के विरोध के कारण कार्य बाधित करने की कोशिश की जा रही है।
ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन को लेकर विवाद के चलते सीवर लाइन का कार्य रुकवाया जा रहा है। ज्ञापन में कथित मकान मालिक पवन कुमार, मेयर पुत्र अमित पांडेय उर्फ बंटी और अन्य भू-माफियाओं पर सरकारी जमीन बेचने की साजिश रचने तथा विकास कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है। साथ ही मांग की गई कि सीवर लाइन का कार्य जल्द शुरू कराया जाए और कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पुरुषों के साथ महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहे। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।
नोट: खबर में लगाए गए आरोप प्रदर्शनकारियों और ज्ञापन में किए गए दावों पर आधारित हैं। संबंधित पक्ष का पक्ष मिलना बाकी है।








