कानपुर।जनपद में 28 जून से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 5,12,184 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि भारत ने पोलियो उन्मूलन के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है, लेकिन इसे बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश बूथ तक पहुंचना संभव न हो तो बच्चे को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर भी पोलियो की दवा दिलाई जा सकती है। डीएम ने कहा कि “एक भी बच्चा छूटा, पल्स पोलियो का सुरक्षा चक्र टूटा”, इसलिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक दवा पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में 2,069 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां 28 जून को बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 जून से घर-घर अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए 8,561 घर-घर टीमें, 672 ट्रांजिट टीमें और 350 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। कुल 9,585 टीमें अभियान में हिस्सा लेंगी, जिनमें 12,642 स्वास्थ्यकर्मी और सहयोगी कर्मचारी तैनात रहेंगे।

सीएमओ ने बताया कि अभियान के लिए विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। ईंट-भट्ठों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, निर्माण स्थलों तथा घुमंतू और प्रवासी परिवारों के बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सर्वे के आधार पर अतिरिक्त टीमों की तैनाती की गई है ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए।

सीएमओ कार्यालय से निकली जागरूकता रैली पीएसी चौराहा तक पहुंची और पुनः कार्यालय परिसर में समाप्त हुई। रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), यूनिसेफ, जेएसआई, नेहरू युवा केंद्र संगठन, महिला एवं बाल विकास विभाग, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।








