कानपुर के व्यापारियों ने शहर में छोटे नोटों की कमी और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर चिंता जताई है। कानपुर उद्योग व्यापार मंडल ने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) को ज्ञापन भेजकर कहा है कि 10, 20, 50 और 100 रुपये के नोटों की कमी से खुदरा कारोबार प्रभावित हो रहा है।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील बजाज के अनुसार, छुट्टे पैसे उपलब्ध न होने के कारण व्यापारियों और ग्राहकों के बीच आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है। इसका सीधा असर बाजार की बिक्री पर पड़ रहा है और कई क्षेत्रों में कारोबार 30 से 40 प्रतिशत तक घट गया है।
व्यापारियों का कहना है कि दूसरी ओर बढ़ती बेरोजगारी के कारण लोगों की क्रय शक्ति भी कमजोर हुई है। ग्राहक केवल आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी कर रहे हैं, जिससे बाजार में मंदी का माहौल बना हुआ है। इसका सबसे अधिक असर छोटे और मध्यम व्यापारियों पर पड़ रहा है।
व्यापार मंडल ने RBI से मांग की है कि बैंकों और एटीएम में पर्याप्त मात्रा में छोटे नोट उपलब्ध कराए जाएं, प्रमुख बाजार क्षेत्रों के बैंकों में नोट और सिक्के बदलने के लिए विशेष काउंटर खोले जाएं तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।








