कानपुर। गंगा बैराज के आसपास गुरुवार दोपहर एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसा कटरी क्षेत्र के नजफपुरवा गांव के पास हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान में उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि विमान में एयरक्राफ्ट टर्बाइन इंजन लगा था। उड़ान के दौरान अचानक तेज आवाज के साथ विमान नीचे आ गिरा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे में विमान में सवार प्रशिक्षक पायलट सचिन भाटिया और ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी की जान चली गई। दोनों अलग-अलग राज्यों से संबंधित बताए जा रहे हैं।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए हादसे से जुड़े साक्ष्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विमान जमीन पर गिरने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मलबा घटनास्थल पर बिखरा मिला। विमान की एक सीट भी अलग पड़ी दिखाई दी। हादसे के बाद आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि विमान के पास करीब 3,000 घंटे की उड़ान का प्रमाणपत्र मौजूद था और कंपनी की ओर से विमान के रखरखाव में किसी तरह की कमी नहीं होने का दावा किया गया था। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना से जुड़े तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।







