कानपुर संवाददाता । कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कटरा घनश्याम गांव में एक बार फिर चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार कटरा घनश्याम निवासी सुरेंद्र सिंह मंगलवार रात अपने बेटे हेमंत के साथ ड्यूटी पर गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी, बहू और बच्चे मौजूद थे। देर रात चोर पीछे की ओर से छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और कमरों के ताले तोड़कर अलमारी व बक्सों में रखी नकदी तथा जेवरात समेट ले गए।
बुधवार सुबह परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो घर में सामान बिखरा पड़ा मिला। पीड़ित परिवार ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध युवक चेहरे पर कपड़ा बांधे दिखाई दिए हैं।
पीड़ित सुरेंद्र सिंह के मुताबिक चोर करीब छह लाख रुपये नकद और बड़ी मात्रा में जेवरात चोरी कर ले गए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि इसी गांव में बीते 23 मई को भी एक घर में बड़ी चोरी की वारदात हुई थी, जिसके बाद अब दोबारा हुई घटना ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।













