रिपोर्ट – गौरव शुक्ला
रसूलाबाद (कानपुर देहात):– कानपुर देहात के रसूलाबाद विकास खंड की पूरनपुरवा ग्राम पंचायत के सेहूघिरऊ गांव से भोलापुर जाने वाला संपर्क मार्ग बरसात के दौरान पूरी तरह कीचड़ और जलभराव से भर गया है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यह मार्ग सड़क कम और दलदल ज्यादा नजर आता है। इस रास्ते से गुजरने वाले हजारों ग्रामीणों को हर दिन जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से करीब पांच गांवों के लोग रोजाना आवागमन करते हैं। बरसात के कारण सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और कीचड़ होने से दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं और पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान से लेकर संबंधित अधिकारियों तक कई बार सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। शिकायतों की फाइलें बढ़ती रहीं, लेकिन सड़क की बदहाली दूर नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज भी सड़क की वास्तविक स्थिति उन दावों की पोल खोल रही है।

ग्रामीणों के अनुसार बरसात के दिनों में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती बन गया है। समय पर इलाज न मिलने का खतरा बना रहता है। वहीं छोटे-छोटे स्कूली बच्चे रोज कीचड़ और पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं, जिससे अभिभावकों में भी हादसे की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं कराया गया तो क्षेत्र के लोग बड़ा जनआंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।








