लखनऊ (संवाददाता)। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को राजधानी लखनऊ में भारी राजनीतिक ड्रामा देखने को मिला। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के बाहर जमकर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ उग्र नारेबाजी की।
विधानसभा के बाहर नोकझोंक और हंगामा
सपा प्रमुख की हिरासत की खबर मिलते ही सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ता और नेता विधानसभा के बाहर एकत्र हो गए। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया।

प्रदर्शनकारियों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। हंगामा बढ़ते देख प्रशासन ने विधानसभा और लोक भवन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी है।
सपा प्रदेश अध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं और शीर्ष नेताओं को हिरासत में लेना शुरू किया।

प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बसों में भरकर इको गार्डन भेज दिया गया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे विधानसभा और लोक भवन परिसर के बाहर भारी पुलिस बल, पीएसी और त्वरित कार्य बल (RAF) की तैनाती कर दी गई है।

पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि शहर में कानून-व्यवस्था न बिगड़े।








