लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सड़क कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने की दिशा में सोमवार को बड़ा कदम उठाया गया। लखनऊ में ₹4,850 करोड़ से अधिक लागत की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से परियोजनाओं को प्रदेशवासियों को समर्पित किया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सुरक्षा, सुशासन और विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना का मजबूत मॉडल बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि नई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं प्रदेश में औद्योगिक विकास, निवेश, व्यापार और रोजगार को नई गति देंगी, वहीं लोगों की यात्रा अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक होगी।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे सहित तीन महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, माल परिवहन और लॉजिस्टिक्स को बड़ा लाभ मिलेगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में उत्तर प्रदेश में लगभग ₹5 लाख करोड़ की सड़क परियोजनाओं को पूरा करना है। उन्होंने बताया कि राज्य के लिए ₹50,000 से ₹60,000 करोड़ की नई सड़क परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है, जिससे प्रदेश का सड़क नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये परियोजनाएं उत्तर प्रदेश के विकास को नई दिशा देंगी और प्रदेशवासियों के जीवन को अधिक सुगम बनाएंगी।








