---Advertisement---

 

2027 की हुंकार सपा की बाइक रैली में बुलडोजर बना सबसे बड़ा आकर्षण

Admin Image
On: July 30, 2026 12:04 PM
Follow Us:

रिपोर्ट- विवेक त्रिवेदी

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कानपुर देहात की सियासत गरमाने लगी है। अकबरपुर-रनियां विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नीरज सिंह गौर ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए विशाल बाइक रैली निकाली। पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामस्वरूप सिंह की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे नीरज सिंह गौर के नेतृत्व में आयोजित इस परिवर्तन यात्रा में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।


रैली कस्बा रूरा से शुरू होकर अकबरपुर तक पहुंची। करीब 15 किलोमीटर लंबे इस रोड शो में बाइक सवार कार्यकर्ताओं का लंबा काफिला सड़कों पर दिखाई दिया। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने रैली का स्वागत किया, जबकि कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के समर्थन में नारेबाजी कर माहौल को चुनावी रंग दे दिया।
रैली में पूर्व एमएलसी दिलीप सिंह उर्फ कल्लू यादव सहित समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। हालांकि पूरे कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण फूलों से सजा बुलडोजर रहा। बुलडोजर को फूलों से सजाकर उस पर माल्यार्पण किया गया और फूल बरसाए गए, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।


इस दौरान पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नीरज सिंह गौर ने कहा कि यह भाजपा की बुलडोजर राजनीति का प्रतीकात्मक जवाब है। उनका कहना था कि यदि सरकार बुलडोजर से लोगों के घर गिराने का काम करेगी, तो समाजवादी पार्टी उसी बुलडोजर से जनता पर फूल बरसाने का संदेश देगी।
सपा नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एक बार फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे तथा अकबरपुर-रनियां की जनता भी बदलाव का मन बना चुकी है।


फिलहाल विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन कानपुर देहात में राजनीतिक दलों ने अपनी चुनावी सक्रियता तेज कर दी है। सपा की इस बाइक रैली और बुलडोजर के जरिए दिए गए राजनीतिक संदेश ने जिले की सियासत को नई चर्चा दे दी है। आने वाले दिनों में चुनावी मुकाबला किस दिशा में जाएगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Admin Photos

Admin

न्यूज़ चौपाल UP की संपादकीय टीम को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 15+ वर्षों का अनुभव है। टीम राजनीति, अपराध, शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं से जुड़ी खबरों को तथ्यात्मक और निष्पक्ष तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Join WhatsApp

Join Now

Youtube-color Created with Sketch. Join Youtube

Join Now

Leave a Comment