कानपुर देहात। सरवनखेड़ा ब्लॉक के कीरतपुर गांव में करीब 400 मीटर मुख्य सड़क पिछले 15 वर्षों से बदहाल पड़ी है। सड़क निर्माण और नाली की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित यादव भी ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की बदहाली को लेकर कई बार उपजिलाधिकारी से लेकर जिलाधिकारी तक शिकायत की जा चुकी है। अप्रैल में माती मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया गया था। इसके बाद मई में भी जिलाधिकारी से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया गया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद गांव में सड़क का सर्वे और नाप-जोख भी कराई गई तथा एस्टीमेट तैयार किए जाने की बात कही गई, लेकिन इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
ग्रामीणों के मुताबिक करीब 400 मीटर लंबी सड़क जगह-जगह टूट चुकी है। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क के साथ नाली की समस्या भी बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से समस्या झेलने के बावजूद उन्हें अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।
मंगलवार को ग्रामीणों ने सड़क पर धरना देकर अपनी नाराजगी जताई। कांग्रेस किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित यादव ने ग्रामीणों की मांग का समर्थन करते हुए प्रशासन से सड़क और नाली निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग की। धरने की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों से ज्ञापन लेकर समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
धरने में राकेश मिश्रा, रामकेश, मुकेश शुक्ला, छम्मीलाल, श्रीकांत, प्रांजुल बाजपेई, अवधेश शुक्ला, नरेश मिश्रा, प्रांशु शुक्ला, देवराज, रामस्वरूप, प्रदीप, शिवराम, चेतराम, रघुवीर, महावीर, मनीष, विवेक, इंदल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






