कानपुर। कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-1 (आईआईटी से नौबस्ता) के तहत कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक यात्री सेवाओं के विस्तार की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में झकरकटी, ट्रांसपोर्ट नगर, बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता स्टेशन पर यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए साइनेज और पब्लिक इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम स्थापित कर दिए गए हैं।
यूपीएमआरसी के अनुसार प्रत्येक स्टेशन पर लगभग 300 साइनेज लगाए गए हैं, जो यात्रियों को प्रवेश-निकास, टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म, लिफ्ट, शौचालय और अन्य सुविधाओं तक पहुंचने में सहायता करेंगे। वहीं, डिस्प्ले सिस्टम के माध्यम से यात्रियों को ट्रेन आगमन समय, प्लेटफॉर्म संख्या और अन्य जरूरी सूचनाएं रियल-टाइम में उपलब्ध होंगी।
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि सभी आवश्यक यात्री सुविधाओं का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) के निरीक्षण और अनुमोदन के बाद कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो सेवाओं का विस्तार शुरू किया जाएगा।








