कानपुर। नौबस्ता थाना क्षेत्र के धरीपुरवा पार्क में मंगलवार रात रावण दहन से पहले आयोजित रामलीला मेले में बड़ा हादसा हो गया। गुब्बारों में गैस भरने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे कार्बाइड सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की चपेट में आने से दो साल की बच्ची समेत छह से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मेला परिसर में भगदड़ जैसे हालात बन गए।
निर्माणाधीन डिवाइडर में छिपाकर रखे गए थे सिलेंडर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धरीपुरवा पार्क में श्री बजरंग रामलीला कमेटी की ओर से रामलीला और रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी दौरान गुब्बारा विक्रेता निर्माणाधीन डिवाइडर के भीतर कार्बाइड सिलेंडर रखकर गुब्बारों में गैस भर रहा था। रात करीब 11:15 बजे अचानक तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि गुब्बारा विक्रेता उछलकर जमीन पर गिर पड़ा।
हादसे में गुब्बारा विक्रेता रामू के अलावा बाबूलाल रघुवंशी, उनकी दो वर्षीय बेटी रिद्धि, क्षमा दीक्षित, आकाश राजपूत और राजू के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल रामू को बेहतर इलाज के लिए हैलट अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस और प्रशासन ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी साउथ दीक्षांत नाथ चौधरी, एसीपी नौबस्ता अभिषेक कुमार राहुल और विधायक महेश त्रिवेदी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और हादसे के संबंध में जानकारी ली। प्रारंभिक जानकारी में अत्यधिक गर्मी के कारण कार्बाइड सिलेंडर में विस्फोट की आशंका जताई गई है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची।
फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।







