विकासखंड चौबेपुर के ग्राम बुधनपुर-चौधरीपुर में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी की टंकी से नियमित जलापूर्ति न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में टंकी का निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी थी, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था विंध्य टेलीलिंक्स लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज कुमार द्विवेदी को फटकार लगाते हुए तत्काल जलापूर्ति शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी ‘हर घर जल’ योजना का लाभ समय से प्रत्येक परिवार तक पहुंचना चाहिए।
प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि परियोजना के तहत पंप हाउस, बाउंड्री वॉल, रिचार्ज पिट, सोलर सिस्टम, मोटर पंप, डीजी सेट, पाइपलाइन और हाउस कनेक्शन समेत सभी प्रमुख कार्य पूरे हो चुके हैं। ओवरहेड टैंक में डीआई पाइप से संबंधित कुछ तकनीकी कार्य शेष होने के कारण जलापूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित हुई थी।
जिलाधिकारी के निर्देश के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए गांव में पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी गई। इससे ग्रामीणों को राहत मिली है और अब उन्हें नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।








