लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड का तत्काल संज्ञान लेते हुए अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही छोड़ दिया और लखनऊ के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री ने अलीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अभी-अभी सूचना मिली है कि लखनऊ में आग लगने की एक दुखद घटना में कई लोगों की जान गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी हार्दिक इच्छा थी कि वह अलीगढ़ में अधिक समय तक रुकें, लेकिन लखनऊ में हुई इस दुखद घटना के कारण उन्हें तत्काल वापस जाना पड़ रहा है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

जानकारी के अनुसार, लखनऊ में हुए अग्निकांड में आग की चपेट में आने से 14 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में अधिकांश की आयु 20 से 24 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसे के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।

मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और अपर मुख्य सचिव गृह को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा हादसे के कारणों की गहन जांच कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रभावित परिवारों से लगातार संपर्क बनाए रखें और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, हादसे में घायल लोगों के बेहतर एवं समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री स्वयं भी लखनऊ पहुंचकर घटनास्थल और राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे तथा पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे।








