रिपोर्ट – विवेक त्रिवेदी
कानपुर देहात । उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दलों ने अपनी चुनावी जमीन तैयार करनी शुरू कर दी है। वही बहुजन समाज पार्टी अब पूरी तरह चुनावी मूड में आ गई है। इसी कड़ी में जनपद कानपुर देहात की अकबरपुर-रनिया विधानसभा सीट पर कल एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ-साथ अकबरपुर-रनिया विधानसभा से बसपा प्रत्याशी के ऐलान होने की भी बड़ी बात कही जा रही है। जिसको लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है।
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही कानपुर देहात में सियासी पारा चढ़ने लगा है। बसपा अब विधानसभावार कार्यकर्ता सम्मेलनों के जरिए अपनी ताकत दिखाने और संगठन को मजबूत करने में जुट गई है।
कल कानपुर देहात के अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र के कस्बा अकबरपुर स्थित ‘सिंह लॉन’ में बसपा का एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम के आयोजक और अकबरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष के पति, जितेन्द्र सिंह गुड्डन ने इस सम्मेलन के ऐतिहासिक होने का दावा किया है। उनका कहना है कि इस सम्मेलन में भारी भीड़ उमड़ेगी और इसी मंच से अकबरपुर-रनिया विधानसभा के लिए बसपा प्रत्याशी के नाम का भी ऐलान किया जाएगा।
सम्मेलन को भव्य और सफल बनाने के लिए आयोजकों और कार्यकर्ताओं द्वारा युद्ध स्तर पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। कल होने वाले इस बड़े आयोजन पर न सिर्फ स्थानीय राजनीतिक दलों की, बल्कि पूरे जिले की निगाहें टिकी हुई हैं कि बसपा इस मंच से क्या बड़ा राजनीतिक संदेश देती है।







