कानपुर: क्राइम ब्रांच और रावतपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जीटी रोड पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 600 किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद किया है। बरामद खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मादक पदार्थ से लदे ट्रक की सूचना मिलने पर एडीसीपी सुमित रामटेक अपनी टीमों के साथ सक्रिय हुए और करीब 15 किलोमीटर तक ट्रक का पीछा किया। इसके बाद ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जहां भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से लियाकत अली को गिरफ्तार किया। शुरुआती जांच में आरोपी हरियाणा का निवासी बताया जा रहा है। पूछताछ के दौरान जमशेद, जावेद और जुनैद समेत अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह खेप उड़ीसा से आगरा के रास्ते विभिन्न महानगरों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।













