कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में गुरुवार सुबह एक सिपाही के छत से छलांग लगाने की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना में सिपाही अंकित देशवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि अंकित देशवाल सुबह किसी मामले को लेकर अधिकारियों से मुलाकात करने के लिए एसपी कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने कार्यालय की छत पर जाकर छलांग लगा दी। सिपाही के नीचे गिरते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के मुताबिक, अंकित देशवाल की हाल में पुलिस लाइन में तैनाती की गई थी। हालांकि छत से छलांग लगाने के पीछे उनका क्या कारण था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस अधिकारी पूरे मामले की पड़ताल कर रहे हैं।
घटना की सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मामले की जानकारी ली। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सिपाही ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और अस्पताल में उपचार जारी है।







