कानपुर। कल्याणपुर के इंदिरा नगर स्थित डिविनिटी होम्स सोसाइटी में रविवार को वार्षिक स्पोर्ट्स मीट का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सोसाइटी के राजीव चौहान ने रविवार शाम 7 बजे जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से स्पोर्ट्स मीट आयोजित की जाती है। इसी क्रम में इस वर्ष भी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
स्पोर्ट्स मीट के लिए पंजीकरण 6 जून से शुरू किया गया था। प्रतियोगिता में टेबल टेनिस, बैडमिंटन, चेस और कैरम बोर्ड जैसे खेल शामिल किए गए, जिनमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में बैडमिंटन में अभिमन्यु विजेता रहे जबकि सिद्धार्थ उपविजेता बने। चेस प्रतियोगिता में अरमान ने पहला स्थान हासिल किया और श्रेष्ठ दूसरे स्थान पर रहे। कैरम बोर्ड में समुद्र विजेता रहे, जबकि अंशिका पांडे ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं टेबल टेनिस में अभिराज ने जीत दर्ज की और शाश्वत उपविजेता रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और सोसाइटी के लोगों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।








