कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर स्थित एलआईजी आवास में शनिवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बुर्का और नकाब पहनकर दो संदिग्ध बदमाश लूटपाट की नीयत से एक घर में घुस आए। घर में मौजूद महिलाओं के विरोध करने और शोर मचाने पर भाग रहे दोनों आरोपियों को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर दबोच लिया और जमकर पिटाई के बाद चकेरी पुलिस के हवाले कर दिया।
लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप
श्यामनगर के ई-ब्लॉक की निवासी राधा दधीचि के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब दो बजे वह अपनी बहू शैली दधीचि के साथ घर पर थीं। उसी दौरान दो नकाबपोश युवक अचानक घर में दाखिल हो गए। जब उनसे परिचय पूछा गया, तो उन्होंने कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि दोनों आरोपी लूट के इरादे से आए थे और सुबह से ही घर की रेकी कर रहे थे। पहचान छुपाने और सबूत न छोड़ने के लिए उन्होंने दस्ताने और नकाब पहन रखे थे।
महिलाओं का शोर सुनकर दौड़े पड़ोसी, पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा
हमले के बाद महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। खुद को घिरता देख दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन उग्र भीड़ ने उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची चकेरी पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बैग से मिले ड्रिल मशीन और कटर
घटनास्थल से पुलिस को एक झोला (बैग) बरामद हुआ है, जिसमें कटर, ड्रिल मशीन और अन्य औजार मिले हैं। पुलिस एक आरोपी की महिला मित्र से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस का बयान
सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) चकेरी, आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि श्यामनगर स्थित एलआईजी आवास में दो संदिग्धों के घुसने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। स्थानीय लोगों की मदद से आरोपियों को पकड़ा गया और मौके से कटर मशीन तथा अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इसके बाद आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।










