कानपुर संवाददाता । कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित न्यू ग्लोब लेदर टेनरी में गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग से उठता काले धुएं का घना गुबार आसमान में फैल गया, जो करीब तीन किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और आसपास के लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए।
सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि प्रशासन की ओर से जांच की जा रही है।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना फिलहाल नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और सुरक्षा दूरी बनाए रखने की अपील की है।
न्यूज चौपाल यूपी / अभिनव श्रीवास्तव








