लखनऊ। राजधानी लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड में छात्रों की मौत और कई लोगों के घायल होने की सूचना के बाद भारत सरकार के रक्षा मंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह सोमवार रात लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट से सीधे घटना स्थल पहुंचकर उन्होंने हालात का जायजा लिया और अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के अनुसार रक्षा मंत्री रात 9:35 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वह सीधे अलीगंज स्थित अग्निकांड स्थल के लिए रवाना हुए। घटना स्थल पर पहुंचकर उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद रक्षा मंत्री किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था के बारे में भी जानकारी प्राप्त की तथा बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

रक्षा मंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना में प्रभावित सभी परिवारों के साथ सरकार पूरी मजबूती से खड़ी है।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, विधायक नीरज बोरा, ओपी श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह तथा भाजपा वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
अग्निकांड के बाद राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है, जबकि प्रशासन घटना के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।








