पीलीभीत। पूरनपुर थाना क्षेत्र में ट्रक के केबिन में जला हुआ शव मिलने के मामले का पीलीभीत पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक ट्रक चालक बलविंदर सिंह की हत्या उसकी प्रेमिका अमनदीप कौर ने लोहे की रॉड से वार कर की थी। इसके बाद हत्या को हादसे का रूप देने के लिए ट्रक के केबिन में डीजल डालकर आग लगा दी गई थी। पुलिस ने आरोपी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 10 जुलाई की रात की है। पूरनपुर थाना पुलिस को बड़ी नहर स्थित गुरुद्वारा धन्ना बाबा के पास ट्रक संख्या JH02K9750 में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। ट्रक के केबिन से एक व्यक्ति का बुरी तरह जला हुआ शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान रामपुर के बिलासपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ा बोसैना निवासी ट्रक चालक बलविंदर सिंह के रूप में हुई।
शुरुआत में मामला ट्रक में आग लगने से हुई दुर्घटना का लगा, लेकिन घटनास्थल के हालात और अन्य साक्ष्यों ने पुलिस को शक में डाल दिया। मृतक के भाई की तहरीर पर 24 जुलाई को मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव के निर्देश पर गठित टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले अन्य सबूतों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान अमनदीप कौर का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और सफेद प्लास्टिक की डीजल केन बरामद की गई।
प्रेम संबंध खत्म करने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी अमनदीप कौर ने बताया कि पिछले करीब दो-तीन वर्षों से उसका बलविंदर सिंह के साथ प्रेम संबंध था। 10 जुलाई को दोनों की मुलाकात बड़ी नहर स्थित गुरुद्वारा धन्ना बाबा के पास ट्रक में हुई थी। बातचीत के दौरान अमनदीप संबंध खत्म करना चाहती थी, जबकि बलविंदर इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
आरोप है कि विवाद के दौरान अमनदीप ने ट्रक के केबिन में रखी लोहे की रॉड से बलविंदर पर वार कर दिया, जिससे वह अचेत हो गया। इसके बाद उसने डीजल डालकर ट्रक के केबिन में आग लगा दी और मौके से चली गई। पुलिस का कहना है कि आग लगाने का उद्देश्य हत्या को हादसे का रूप देना और साक्ष्य मिटाना था।







