कानपुर। कानपुर की छात्रा शिवानी की खूबसूरत हस्तलिपि ने न केवल देश बल्कि विदेशों में भी लोगों का दिल जीत लिया है। उसकी प्रतिभा की गूंज अब सात समंदर पार ब्रिटेन तक पहुंच चुकी है। ब्रिटेन के नॉर्थैम्प्टन में रहने वाले भारतीय मूल के चिकित्सक डॉ. आशुतोष शर्मा ने शिवानी की लेखन कला से प्रभावित होकर उसके लिए कैलीग्राफी की पुस्तकें, विशेष पेन और अध्ययन सामग्री भेजी है।

शिवानी अपनी आकर्षक, स्पष्ट और बेहद व्यवस्थित हस्तलिपि के कारण चर्चा में आई थी। उसकी लिखावट इतनी सुंदर है कि पहली नजर में टाइप किया हुआ पाठ प्रतीत होती है। उसकी इस अनूठी प्रतिभा को देखकर जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने पहले भी उसे सम्मानित कर प्रोत्साहित किया था। इसके बाद उसकी कहानी मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से देश-विदेश तक पहुंच गई।

नॉर्थैम्प्टन में रहने वाले भारतीय मूल के चिकित्सक डॉ. आशुतोष शर्मा ने जब शिवानी की कहानी देखी तो उसकी लगन और प्रतिभा से प्रभावित हुए। उन्होंने प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कैलीग्राफी की पुस्तकें और विशेष पेन कानपुर भेजे। शिवानी का पता न होने के कारण उन्होंने यह सामग्री जिलाधिकारी कार्यालय के पते पर भेजते हुए अनुरोध किया कि इसे छात्रा तक पहुंचाया जाए।

डॉ. आशुतोष शर्मा द्वारा भेजे गए उपहार को जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान शिवानी को सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने शिवानी को एक गुल्लक भी भेंट की और बचत की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने शिवानी को नियमित अभ्यास जारी रखने तथा कैलीग्राफी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिवानी की उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि उन सभी बच्चों के लिए प्रेरणा है जो मेहनत और लगन के बल पर अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने पर शिवानी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएगी।

विशेष उपहार प्राप्त कर शिवानी बेहद उत्साहित नजर आई। उसने डॉ. आशुतोष शर्मा और जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान और प्रोत्साहन उसके लिए आगे बढ़ने की बड़ी प्रेरणा है।








