कानपुर / लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई प्रदेश टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में कुल 64 पदाधिकारियों की घोषणा की गई, जिनमें 52 लोगों को प्रदेश कार्यकारिणी में जगह दी गई है। इसके साथ संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने की कोशिश की गई है।
नई कार्यकारिणी में 19 प्रदेश उपाध्यक्ष, 19 प्रदेश मंत्री, 8 प्रदेश महामंत्री और 6 मोर्चा अध्यक्ष बनाए गए हैं। इसके अलावा 6 क्षेत्रीय अध्यक्ष, 3 कार्यालय मंत्री और 3 अन्य पदाधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं।
इस नई टीम में कई नए और चर्चा वाले चेहरों को जगह मिली है। समाजवादी पार्टी से बगावत करने वाली विधायक पूजा पाल को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के छोटे बेटे नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रतापगढ़ के रोहित मिश्रा को युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह को मिलाकर अब प्रदेश नेतृत्व की टीम तैयार हुई है। इस बार टीम में 13 महिलाओं को भी स्थान दिया गया है। सामाजिक समीकरणों पर भी फोकस दिखाई दिया है, जहां ओबीसी वर्ग की हिस्सेदारी पहले की तुलना में बढ़ाई गई है।
नई टीम में सिर्फ 7 चेहरे हुए रिपीट
प्रदेश कार्यकारिणी में इस बार बड़े बदलाव देखने को मिले। 52 सदस्यीय टीम में केवल 7 पुराने चेहरों को दोबारा मौका मिला है। उपाध्यक्षों में 4, महामंत्रियों में सिर्फ 1 और प्रदेश मंत्रियों में 2 पुराने चेहरे दोहराए गए हैं। बाकी पदों पर नए लोगों को जिम्मेदारी दी गई है।
इन नामों पर रही सबसे ज्यादा चर्चा
पूजा पाल को प्रदेश मंत्री बनाया गया
नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
सरोज कुशवाहा को महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष
डॉ. रोहित मिश्रा को युवा मोर्चा अध्यक्ष
कृष्ण बिहारी राय को प्रदेश उपाध्यक्ष
अभिजात मिश्रा को प्रमोट कर प्रदेश महामंत्री बनाया गया
सभी 6 क्षेत्रीय अध्यक्ष बदले
भाजपा ने सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में नए क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। पश्चिम, ब्रज, कानपुर, अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्रों में नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
2027 चुनाव पर रहेगा फोकस
नई टीम को आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, प्रचार अभियान, सदस्यता अभियान और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनावी वर्ष नजदीक आने के चलते इस टीम की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है।








