वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (बाबतपुर) पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली पहले फर्श से टकराई और उसके बाद पास खड़ी एयरपोर्ट की महिला कर्मचारी के पैर में जा लगी। घटना में यात्री के साथ मौजूद महिला भी घायल हो गई। दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।

जानकारी के मुताबिक आजमगढ़ निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी सुषमा के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने के लिए वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी, जिसे उन्होंने विमान में ले जाने के लिए पहले ही डिक्लेयर कर दिया था। एयरपोर्ट पर हथियार की निर्धारित सुरक्षा जांच और एक्स-रे प्रक्रिया के दौरान पिस्टल से अचानक एक राउंड फायर हो गया।
जांच के दौरान चली गोली
एयरपोर्ट सिक्योरिटी स्कैनर कर्मी रोहित के मुताबिक, यात्री कमलेश राय अपनी पत्नी सुमन/सुषमा के साथ हथियार की जांच के लिए एक्स-रे काउंटर पर पहुंचे थे। जांच के दौरान यात्री ने पिस्टल निकाली। पिस्टल में पहले से गोली लोड थी। इसी दौरान ट्रिगर दब गया और फायर हो गया।
गोली पहले फर्श से टकराई और उसके बाद पास खड़ी महिला कर्मचारी सुमन के पैर/जांघ में जा लगी। गोली के छर्रे दूसरे कर्मचारी के पैर में भी लगे। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल सुरक्षा कर्मचारी रोहित ने बताया कि यह स्पष्ट नहीं है कि यात्री ने जानबूझकर ट्रिगर दबाया था या गलती से गोली चली। वहीं, पुलिस पूछताछ में कमलेश ने बताया कि पिस्टल के चैंबर में गोली चिपकी हुई थी और उन्हें लगा कि उसमें गोली नहीं है। ट्रिगर दबाते ही अचानक फायर हो गया।
यात्री के पास पिस्टल और 21 कारतूस मिले
घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने कमलेश राय के पास से पिस्टल के अलावा कुल 21 कारतूस बरामद किए। पुलिस ने कई घंटे तक यात्री से पूछताछ की, जिसके बाद उसे फूलपुर पुलिस थाने ले गई।
पुलिस के अनुसार कमलेश के पास मौजूद पिस्टल लाइसेंसी है और उसका ऑल इंडिया परमिट बताया जा रहा है। बोर्डिंग से पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत हथियार की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान यह हादसा हुआ।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर हाई अलर्ट के बीच घटना
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर वाराणसी एयरपोर्ट को 11 से 20 अगस्त तक हाई अलर्ट जोन घोषित किया गया था। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और हथियारों की जांच के बीच एयरपोर्ट परिसर में फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया।
घटना के बाद एडीसीपी गोमती जोन समेत पुलिस अधिकारी और इंटेलिजेंस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ हथियार से जुड़ी प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है कि आखिर चेकिंग के दौरान पिस्टल से गोली कैसे चल गई।
कमलेश राय की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी सामने आई
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कमलेश राय मूल रूप से आजमगढ़ के जीयनपुर क्षेत्र के रामगढ़ गांव के रहने वाले हैं। वह मुंबई में पूर्व पार्षद रह चुके हैं और वर्तमान में आजमगढ़ में कॉलेज संचालित करते हैं। उनके बेटे रितेश राय वर्तमान में पार्षद बताए गए हैं, जबकि उनकी मां प्रधान हैं।
कमलेश के परिवार के पास कई लाइसेंसी हथियार होने की जानकारी भी सामने आई है। बताया गया है कि कमलेश स्वयं पिस्टल और राइफल समेत तीन लाइसेंस रखते हैं। उनके बेटे के नाम तीन और भाई शैलेश राय के नाम एक लाइसेंस बताया गया है। कमलेश के खिलाफ मुंबई में अगस्त 2025 में रंगदारी का मुकदमा दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच में यह स्पष्ट किया जा रहा है कि पिस्टल से फायरिंग किस परिस्थिति में हुई और हथियार की जांच के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किस स्तर तक किया गया था।







