बुलंदशहर: जनपद के सिकंदराबाद क्षेत्र में स्थित चौधरी वाडा इलाके की एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही मौके पर अग्निशमन विभाग की टीम पहुंची। वहीं आसपास लगे समरसेबल की मदद से भी आग बुझाने का प्रयास किया गया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
बताया जा रहा है कि आग सिकंदराबाद स्थित कंसल दुल्हा घर में लगी थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।








