कानपुर में स्मार्ट सिटी के तहत कराए गए विकास कार्यों की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। चकेरी क्षेत्र के वार्ड-29 स्थित ओमपुरवा में हल्की बारिश के बाद ही जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई है। बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में सड़क निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण नहीं कराया गया। परिणामस्वरूप बारिश का पूरा पानी सड़क और घरों में भर गया। लोगों का कहना है कि बिना उचित ड्रेनेज व्यवस्था के सड़क निर्माण किए जाने से मोहल्ले में जलभराव की समस्या स्थायी बन गई है।
क्षेत्रीय पार्षद जितेंद्र चौरसिया पर भी स्थानीय नागरिकों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से निर्माण कार्यों में अनियमितताएं हुई हैं, जिसकी वजह से जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। हालांकि इन आरोपों पर अभी पार्षद या संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
निवासियों ने नगर निगम और प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा जल्द से जल्द नाली निर्माण कराए जाने की मांग की है।








