कानपुर। बिठूर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क के दौरान स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों से मिली शिकायतों के बाद विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने खाद्य विभाग के एक अधिकारी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि विभाग का एक निरीक्षक दुकानदारों पर दबाव बनाकर अवैध वसूली कर रहा है, जिससे छोटे व्यापारियों में नाराजगी है।
शिकायत मिलते ही विधायक ने मौके से ही संबंधित अधिकारी को फोन कर मामले पर नाराजगी जताई और किसी भी प्रकार की कथित अवैध वसूली तत्काल बंद करने की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता और व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक ने अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि यदि भविष्य में ऐसी शिकायतें दोबारा सामने आईं तो मामला उच्च स्तर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारियों की कार्यशैली सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाती है और ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।
इस बीच विधायक और संबंधित अधिकारी के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में इसकी चर्चा तेज हो गई है और कई लोगों ने विधायक के रुख की सराहना की है।
अभिजीत सिंह सांगा ने कहा कि जनता के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और क्षेत्र के लोगों को परेशान करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।








