कानपुर। बेनाझाबर स्थित बृजेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित विकास प्रदर्शनी में कानपुर मेट्रो की उपलब्धियों की खास झलक देखने को मिली। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) द्वारा लगाए गए स्टॉल का उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अवलोकन किया। इस दौरान कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी, विधायक सुरेंद्र मैथानी, महेश त्रिवेदी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रदर्शनी में लगाए गए यूपी मेट्रो के स्टॉल पर राज्य की विभिन्न मेट्रो परियोजनाओं और उनकी उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। विशेष रूप से कानपुर मेट्रो परियोजना की प्रगति, यात्री सुविधाओं और प्रदर्शन को चित्रों व सूचना सामग्री के माध्यम से दर्शाया गया। स्टॉल पर कानपुर मेट्रो के उत्कृष्ट प्रदर्शन और टियर-2 शहरों की अन्य मेट्रो सेवाओं की तुलना में उसकी उपलब्धियों को भी प्रमुखता से दिखाया गया।

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि कानपुर प्रदेश का दूसरा सबसे अधिक आबादी वाला शहर है और मेट्रो परियोजना शहर की अर्थव्यवस्था को नई गति दे रही है। उन्होंने बताया कि कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा विस्तार की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जबकि कॉरिडोर-2 के तहत सीएसए से बर्रा-8 तक निर्माण कार्य तेजी से जारी है।

प्रदर्शनी में टॉय मेट्रो ट्रेन लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसके अलावा कानपुर मेट्रो के लोगो वाली पेन, नोटबुक, टेबल क्लॉक और फोटो फ्रेम जैसे स्मृति-चिह्न भी आगंतुकों को खूब पसंद आ रहे हैं।








