कानपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था संकल्प सेवा समिति द्वारा आईएमए ब्लड बैंक के सहयोग से शहर में दो स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।

सुबह किदवई नगर स्थित डीए रेजिडेंसी में सोसायटी के निवासियों ने रक्तदान किया, जबकि शाम को बर्रा व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में राशि एडवरटाइजिंग, मेन रोड बर्रा-2 में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। दोनों शिविरों में कुल 60 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

रक्तदान करने वालों में बर्रा व्यापार मंडल के अध्यक्ष ओमेंद्र सोनी, मनोज गुप्ता, अमित बलियासी, स्पर्श और पार्षद सुधीर यादव सहित कई लोग शामिल रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दादानगर कोऑपरेटिव स्टेट के चेयरमैन विजय कपूर ने उपस्थित रहकर रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए और उनका उत्साहवर्धन किया।
संकल्प सेवा समिति के अध्यक्ष संतोष सिंह चौहान ने बताया कि गर्मी के मौसम में रक्त की आवश्यकता बढ़ जाती है, ऐसे में सभी स्वस्थ लोगों को आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। वहीं बर्रा व्यापार मंडल के अध्यक्ष ओमेंद्र सोनी ने शिविर में आए लोगों के लिए शरबत वितरण की व्यवस्था भी कराई।
शिविर के दौरान विजय कटियार, नीरज चौहान, विमल सेंगर, पंकज तिवारी समेत अन्य लोगों ने रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया।








